चंडीगढ़ - पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने रविवार को दोहराया कि सत्तारूढ़ अकाली भारतीय जनता पार्टी के बीच अटूट रिश्ता है और दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में दोनों मिलकर चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने रविवार को यहां प्रेस क्लब में प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में कहा कि भाजपा से अच्छे रिश्ते रहे हैं और रहेंगे। दोनों के संबंध घी-खिचड़ी और पति-पत्नी जैसे हैं। जहां तक कांग्रेस, आम आदमी पार्टी तथा अन्य पार्टियों का सवाल है सो आप सभी देख चुके हैं।
आप पार्टी की हालत दिल्ली में देख चुके हैं। आप ने तो वादे पूरे ही नहीं किए । बस सत्ता हासिल करने का चाव था। सरकारें चलाने के लिए तजुर्बा जरूरी होता है यह तो वे भूल गए थे। बादल परिवार के व्यापार के विस्तार के लिए सत्ता के दुरुपयोग के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बात का फैसला जनता करेगी। उन्होंने इस मौके पर पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनने से लेकर अपने राजनीतिक करियर से जुड़े सवालों का जवाब दिया।
अकाली दल के पंथिक एजेंडे पर लौटने के बारे में उन्होंने कहा कि पंजाब का अहम तथा बुनियादी मुद्दा सांप्रदायिक सौहार्द है, जो धर्मनिरपेक्षता तथा अमन चैन से ही सुरक्षित रह सकता है। उन्होंने पत्रकारों से भी अपील की कि वे भी सांप्रदायिक सौहार्द कर मजबूती के लिए काम करें तथा भ्रम पैदा करने वाली खबरों से परहेज करें। वे रचनात्मक खबरों पर ज्यादा ध्यान दें और पुष्टि करने के बाद ही खबर दें। ऐसी खबरों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए जो राज्य तथा देश के लिए फायदेमंद हों।