मोहाली - बादलों की डबवाली ट्रांसपोर्ट कंपनी की बस ने बहरामपुर के स्वर्ण सिंह को टक्कर मारकर कुचल दिया। इससे भडक़े घरवालों और गांववालों ने लाश के साथ सोलखियां टोल बैरियर पर धरना लगा रास्ता जाम कर दिया। हादसा सुबह साढ़े छह बजे हुआ। साढ़े आठ बजे शुरू हुआ धरना वीरवार देर रात तक जारी था। लोगों को लंबा रास्ता तय कर रोपड़ व कुराली-मोरिंडा पहुंचना पड़ा। स्वर्ण सिंह के चचेरे भाई जसपाल सिंह का आरोप है कि बस ओवरस्पीड थी।
प्रत्यक्षदर्शी सरपंच ढाबे के मालिक जगतार सिंह के अनुसार बस एक कार को ओवरटेक कर रही थी। कार बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई और खड्डे में जा गिरी। कार सवार तीन युवकों को लोगों ने बाहर निकाला। उधर हादसे में पुलिस ने कार चालक ब्रह्मप्रकाश पर केस दर्ज कर लिया है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बस से ही हुआ था। एडीजीपी क्राइम इकबाल सिंह सहोता ने बस को क्लीन चिट देते हुए कहा, स्कूटर को कार का पेंट लगा हुआ था। बस पर कोई ऐसा निशान नहीं मिला। जिससे हादसा बस से हुआ साबित हो। उधर कार सवार ब्रह्मप्रकाश ने कहा, पुलिस उस पर दबाव बना रही है कि मान लें हादसा कार से ही हुआ है।