लुधियाना - ताजपुर रोड पर दोपहर मामूली बात को लेकर झुग्गी- झोपड़ी और दुकानदार आमने सामने हो गए। मामला इस कदर बिगड़ा कि देर रात लोगों की भीड़ ने थाने का घेराव कर लिया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज करके भीड़ को खदेड़ दिया। जिसमें एक महिला बुरी तरह से जख्मी हुई। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात थाना डिवीजन नंबर 7 को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके देर रात 11 बजे ताजपुर रोड स्थित झुग्गियों में सर्च अभियान शुरू कर दिया। उधर, शाम को पुलिस ने झुग्गियों से पांच लोगों को हिरासत में लिया था। उन्हें छुड़ाने के लिए झुग्गियों के कई दर्जन लोग थाने पहुंचे। एक प्रधान वहां लोगों के साथ पहुंचा। पहले तो पुलिस ने खदेड़ दिया। उसके बाद सैंकड़ों लोग जमा हो गए। माहौल बिगड़ता देख कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची गई।
थाने का घेराव करने के लिए ताजपुर रोड स्थित झुग्गियों से पहुंची भीड़ पुलिस पर हमला करने की तैयारी में थी। पुलिस ने उनके हाथों में लाठियां व उनकी गाडिय़ों में ईट-पत्थर पड़े देख कर पहले भी हालात को भांप लिया। इससे पहले कि वे लोग पुलिस पर हमला कर पाते, पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज करके खदेड़ दिया।