होशियारपुर - पंजाब में नशे का कोई उत्पादन नहीं होता, बल्कि अन्य प्रदेशों से जहां लाया जा रहा है। हाल ही में बी.एस.एफ के एक अधिकारी के नशे की खेप के साथ पकड़े जाने पर पंजाब सरकार के उस स्टैंड की मजबूती हुई है कि नशा सीमा पार से प्रदेश में आ रहा है, जिसको रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सतर्कता बढ़ाने की जरूरत है। यह विचार आज यहां सुखबीर सिंह बादल उप मुख्यमंत्री पंजाब ने पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते प्रकट किए।
केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला एंव भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना की उपस्थिति में केंद्र सरकार को सीमा पार से आ रहे नशे के लिए जिम्मेवार ठहराते सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि जब बी.एस.एफ का अकेला अधिकारी 175 किलो से अधिक की हेरोइन सीमा पार से लाकर पहुंचाने की बात करता है तथा इस काम के लिए तस्करों से मिले 1 करोड़ में से 70-80 लाख रुपए की राशि बरामद भी हो जाती है तो यह अपने आप में साबित करता है कि नशे की आमद का सारा मामला सीमा पार से रोकने की जरूरत है।
भाजपा मंत्री मदन मोहन मित्तल द्वारा अकाली दल पर अपने विभाग में की जा रही दखलअंदाजी संबंधी लगाए आरोपों के जवाब में सुखबीर सिंह बादल ने इनसे साफ इंकार करते कहा कि वो खुद मित्तल का यह बयान पढ़ कर हैरान हैं। उन्होंने कहा कि न तो कोई कमेटी का गठन किया गया है तथा न ही किसी मुख्य संसदीय सचिव को इसका चेयरमैन बनाया गया है, लिहाजा दखलअंदाजी का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता।