चंडीगढ़ - पंजाब सरकार ने राज्य में घग्गर नदी के साथ चल रहे सीवरेज संयंत्रों के काम को समय पर पूरा करने के लिये जलापूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड को 43 करोड़ की राशि जारी की है। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आज यहां घग्गर नदी से लगे शहरों में चल रहे सीवरेज के काम का जायजा लिया और राशि जारी करते हुये स्थानीय निकाय विभाग के सचिव अशोक गुप्ता को ये संयंत्र पूरा करके शीघ्र चालू करने के निर्देश दिये।
श्री गुप्ता ने मुख्यमंत्री को बताया कि घग्गर नदी के साथ जिन 21 शहरों में सीवरेज संयंत्र स्थापित किये जाने हैं, उनमें सात शहर जीरकपुर, मोहाली, बनूड़, पटियाला, समाना, सरदूलगढ़ और भीखी में आठ संयंत्र स्थापित किये जा चुके हैं। ये संयंत्र चालू भी हो गये हैं जबकि चार शहरों पातड़ा, मंडी गोबिंदगढ़, राजपुरा और मूनक में पांच ट्रीटमैंट प्लांटों का काम 31 दिसंबर तक पूरा हो जायेगा।
उन्होंने कहा कि पांच अन्य शहरों सुनाम, लौंगोवाल, खन्नौरी, डेराबस्सी तथा लहरागागा में छह प्लांट 31 मार्च 2016 तक पूरे कर लिये जायेंगे। सरहिंद, बस्सीपठाना, संगरूर, नाभा और सन्नौर में छह प्लांट लगाने के लिए 170 करोड़ के फंड का इंतजाम किया जायेगा।