पेशावर - सैनिकों और सेना का सामान लेकर जा रही एक ट्रेन के चार डिब्बे बृहस्पतिवार को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पुल गिर जाने की वजह से एक नहर में गिर गए, जिसमें सेना के एक कमांडर सहित 12 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई। रेल मंत्री ने हादसे पर किसी साजिश से इनकार नहीं किया है। ट्रेन के चार डिब्बे गुजरांवाला के पास नहर में गिर गए। दरअसल, ट्रेन के वहां से गुजरने के दौरान हैड चनावा पुल का एक हिस्सा ढह गया था। ट्रेन पुन्नो अकाल से खारियान कैंट जा रही थी।
इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल असीम बाजवा ने ट्वीट किया, ‘सैनिकों को खारियान ले जा रही एक विशेष ट्रेन के चार डिब्बे जामके चत्था के पास पुल से नीचे नहर में गिर गये।’ उन्होंने बताया लेफ्टिनेंट कर्नल आमिर समेत 12 सैनिक मारे गए हैं। अभी आठ शव बरामद हुए हैं। सेना के एक बयान के मुताबिक अब तक 80 यात्रियों को निकाला गया है जिनमें कई जवान घायल हैं। बताया जाता है कि आजादी से पहले का यह पुल जर्जर हालत में था। हालांकि रेल मंत्री ख्वाजा साद रफीक ने दुर्घटना में किसी आतंकी साजिश की संभावना को खारिज नहीं किया है। रफीक ने बताया कि खुफिया एजेंसियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी वकास नजीर ने कहा, ‘ट्रेन में करीब 200 लोग सफर कर रहे थे।’ प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने घटना पर चिंता प्रकट की और अधिकारियों को घायलों को बचाने तथा पटरी को दुरस्त करने के लिए सभी संसाधनों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश दिया कि घायलों को चिकित्सा सहायता दी जाए