खरड़ - चण्डीगढ़ से सरहिंद जा रही एक बस के ड्राइवर व कडंक्टर को गांव झंजेड़ी के निकट दो दर्जन से अधिक युवकों ने घेर कर बुरी तरह मारा पीटा। इस मारपीट में ड्राइवर सुखवंत सिंह तथा कडंक्टर हरिंदर सिंह बुरी तरह घायल हो गये। इन दोनों को सरकारी अस्पताल खरड़ में भर्ती करवाया गया है। चण्डीगढ़ से वाया लांडरां चुन्नीं कलां होते हुए पीआरटीसी की बस सरहिंद जा रही थी। बस में सवार गांव झंजेड़ी के एक युवक अमनदीप सिंह को कंडक्टर हरिंदर सिंह ने थोड़ा आगे होने को कहा, जिसे लेकर दोनों में कहा-सुनी हो गयी।
अमनदीप सिंह ने बस में से ही अपने गांव के कुछ दोस्तों को फोन कर दिया। बस जैसे ही झंजेड़ी पहुंची, तभी वहां पहले से ही इंतजार कर रहे अमनदीप व उसके दोस्तों ने लाठियों व अन्य घातक हथियारों से कंडक्टर हरिंदर सिंह पर हमला कर दिया। कंडक्टर हरिंदर सिंह के बचाव में जब बस का ड्राइवर सुखवंत सिंह आगे आया तो इन हमलावरों ने सुखवंत सिंह को भी बुरी तरह पीट डाला। दोनों घायलों को खरड़ अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मजात पुलिस चौकी के इंचार्ज निक्का राम ने बताया कि आरोपी अमनदीप सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।