जकार्ता - इंडोनेशिया में मंगलवार सुबह एक मिलिट्री प्लेन सुमात्रा के मेदान शहर के रिहायशी इलाके में क्रैश हो गया। इस दुर्घटना में 116 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हरक्यूलस प्लेन की चपेट में शहर के दो घर और एक कार आ गई, जिसके बाद उसमें धमाका हो गया। सेना के प्रवक्ता फाउद बसाय ने बताया कि क्रैश के समय प्लेन पर 113 लोग सवार थे, जिनमें से कुछ वायुसेना अधिकारियों के परिवार के सदस्य थे।
जहाज में सवार एक भी आदमी नहीं बचा, जबकि तीन लोग विमान के नीचे आने से मारे गए। खबर लिखे जाने तक 55 शव बरामद कर लिए गए थे। मेदान शहर में दस साल के भीतर चौथी बार कोई प्लेन क्रैश हुआ है। इससे पहले सितंबर, 2005 में बोइंग 737 भी क्रैश हुआ था। इसमें 143 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद, 2009 में भी इंडोनेशिया का सैन्य विमान जावा में क्रैश हो गया था, जिसमें 98 लोग मारे गए थे और 2012 में एयरफोर्स का विमान रिहायशी इलाके में क्रैश हो गया था, जिसमें नौ लोगों की मौत हुई थी।