चंडीगढ़ - काफी समय से लंबित पड़ी मांगों के लिए संघर्ष कर रहे भारत नेत्रहीन सेवक समाज संस्था के करीब 100 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उस वक्त काबू कर लिया, जब यह लोग सेक्टर-39 स्थित पंजाब के शिक्षा मंत्री दलजीत सिंह चीमा के आवास का घेराव करने जा रहे थे। नेत्रहीनों को देर शाम तक थाने में हिरासत में रखा गया तथा शाम को बिना कानूनी कार्रवाई किये रिहा कर दिया गया।
इससे पहले इन्होंने चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित पंजाब के सामाजिक सुरक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग के सामने धरना-प्रदर्शन किया और शिक्षा विभाग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जब कोई भी अधिकारी उनसे मिलने नहीं आया और उनका ज्ञापन भी नहीं लिया गया तो हताश कार्यकर्ताओं ने पंजाब के शिक्षा मंत्री दलजीत चीमा के आवास का घेराव करना चाहा लेकिन पुलिस द्वारा उन्हें शिक्षामंत्री के आवास से पहले ही काबू कर लिया और सभी को सेक्टर-39 के पुलिस स्टेशन में लगाये जहां से देर शाम सभी को बिना कार्रवाई किये रिहा कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गयीं तो संघर्ष और तेज करेंगे।
प्रदर्शन कर रहे भारत नेत्रहीन सेवक समाज के अध्यक्ष दविंदर सिंह ने कहा कि हम काफी लम्बे समय से अपनी मांगों के लिए लड़ रहे हैं और गत 4 मई को उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री से मुलाकात भी की थी, तब उन्होंने विश्वास दिलाया था कि जल्द ही इनकी मांगें मान ली जायेंगी लेकिन अभी कोई सुनवाई भी नहीं हुई।