जालंधर - जालंधर में बिजली विभाग के कर्मचारी और उनके सहयोगी से कथित रूप से परेशान होकर आत्महत्या करने के मामले में नामजद 4 आरोपियों में से 2 ने आज पुलिस के समक्ष समर्पण दिया । हालांकि, मामले में नामजद भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री के करीबी का पुलिस पता नहीं लगा सकी है। सहायक पुलिस आयुक्त रविंदरपाल सिंह संधू ने आज शाम को बताया कि 11 जून को कपड़े पर प्रेस करने वाले एक व्यक्ति निशान सिंह की आत्महत्या के सिलसिले में नामजद 2 आरोपियों राकेश कुमार उर्फ काला कुत्तेवाला और कस्तूरी लाल ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है।
मामले के एक अन्य आरोपी एवं भाजपा नेता तथा केंद्रीय मंत्री विजय सांपला के करीबी प्रदीप खुल्लर के बारे में पूछने पर संधू ने बताया कि पुलिस अभी तक अरोपी का पता नहीं लगा सकी है। जालंधर में 11 जून को निशान सिंह नामक एक व्यक्ति ने अपने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। वह कपड़े पर प्रेस करने का काम करता था और बिजली विभाग के अधिकारी सुभाष चंद, भाजपा नेता खुल्लर तथा आत्मसमर्पण करने वाले दोनों आरोपी उसे बिजली की चोरी के नाम पर कथित रूप से परेशान करते थे जिससे उसने यह कदम उठाया था।