पेइचिंग - चीन की शीर्ष सैन्य अनुसंधान अकादमी ने घरेलू तकनीक से निर्मित भारत के मुख्य युद्ध टैंक (एमबीटी) अर्जुन की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि टैंक में सैनिकों की इंजीनियरिंग जरूरतों पर ध्यान दिया गया है। पेइचिंग स्थित अकादमी के उपकमांडर वरिष्ठ कर्नल लिउ देजांग ने कहा कि एमबीटी भारतीय हालात के लिए काफी अच्छा है। लिउ ने कहा कि भारत ने अपने एमबीटी के निर्माण के लिए अच्छा काम किया है।
अर्जुन टैंक ने पहले प्रोटोटाइप के जारी होने के बाद भारतीय सेना में शामिल होने और उन्नत संस्करण अर्जुन एमके-द्वितीय के लिए दो दशक का समय लगाया। चीन में इस तरह के सैन्य अनुसंधान केंद्र का दौरा काफी मुश्किल से होता है। यहां तक कि यहां के स्थानीय भारतीय पत्रकारों को भी यहां आमंत्रित नहीं किया जाता। भारतीय सेना में ब्रिगेडियर के समान ही लिउ चीन की सेना में वरिष्ठ कमाडंर हैं। यह पूछने पर कि क्या इस तरह के दौरे से विश्वास जगा है, लिउ ने कहा कि चीन राजनीतिक और सैन्य रूप से अधिक विस्तृत हो रहा है।