ताइपेई - ताइवान की राजधानी ताइपे के बाहर शनिवार को एक भीड़-भाड़ भरे वाटर पार्क में विस्फोट होने से 500 से अधिक लोग घायल हो गये। इसमें से करीब 200 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। फुटेज से पता चलता है कि लोग डांस कर रहे थे और उनपर किसी रंग-बिरंगे पाउडर का छिडक़ाव किया जा रहा था, तभी विस्फोट हो गया और भीड़ में भगदड़ मच गयी।
अधिकारियों ने बताया कि आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि फोरमोसा फन कोस्ट वाटर पार्क में हो रहे एक कलर प्ले एशिया उत्सव में करीब एक हजार दर्शक मौजूद थे। जानकार मान रहे हैं कि स्टेज पर लगे बल्बों की गर्मी से स्प्रे केमिकल में रिएक्शन होने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे के बाद वाटर पार्क को बंद कर दिया गया है।