लुधियाना - युवा अकाली दल के राष्ट्रीय महामंत्री संतोष सिंह ने रविवार सुबह दिल्ली पुलिस की हिरासत के दौरान फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव लुधियाना के एक होटल के बाथरूम में मिला। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर अकाली दल के वरिष्ठ नेता गुरदीप सिंह गोशा और प्रीतम सिंह भैरोवाल सहित 7 पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है। वहीं दिल्ली पुलिस के 3 कर्मचारियों पर ड्यूटी में लापरवाही का केस दर्ज किया गया है।
गांव सुखना-रायकोट के रहने वाले संतोष सिंह का दिल्ली के चरणजीत सिंह के साथ रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद था। चरणजीत की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को संतोष को गिरफ्तार किया था। रिमांड के दौरान शनिवार को उसे लुधियाना लाया गया। शनिवार रात दिल्ली पुलिस के 3 कर्मचारी उसके साथ रेलवे स्टेशन के सामने एक होटल में रुके। बताया गया कि रविवार सुबह उसने बाथरूम में गीजर के साथ अपने पटके से फंदा लगा लिया। पुलिस को उसकी जेब से एक कागज मिला, जिस पर लिखा था कि उसने सुसाइड नोट अपने गांव भेज दिया है।