येरुशलम - इजरायल के गृह मंत्री सिल्वन शेलम की पत्नी अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा पर मजाकिया टिप्पणी करने के कारण विवादों में फंस गई हैं। जूडी शेलम नीर-मोजेस ने ट्विटर पर यह टिप्पणी की। हालांकि, बाद में उन्होंने यह ट्वीट डिलीट कर दिया। जूडी के ट्विटर पर 74400 फॉलोअर्ज हैं।
उन्होंने लिखा था कि क्या आप जानते हैं कि ओबामा की कॉफी कैसी है? यह काली और कमजोर है। जूडी के ट्वीट के कुछ देर बाद ही इंटरनेट यूजर्स ने उन पर नस्लीय टिप्पणी करने का आरोप लगाया और उनकी आलोचना की। जूडी ने कुछ ही देर में ट्वीट डिलीट कर दिया। उन्होंने अंग्रेजी में लिखा कि मैं इस वाहियात जोक के लिए माफी मांगती हूं। किसी और ने मुझे यह जोक सुनाया था।