काबुल - अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार को तालिबान आतंकवादियों ने शक्तिशाली विस्फोट और गोलीबारी करते हुए संसद पर हमला किया। हमले के बाद संसद भवन में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा बलों ने हमले में शामिल सभी सात आतंकियों को मार गिराया। इस हमले में एक बच्चे समेत पांच नागरिक भी मारे गए हैं। कुछ सांसदों के मामूली तौर पर घायल होने की खबर है। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता सादिक सिद्दिकी ने सातों हमलावरों के मारे जाने और सुरक्षा बलों का ऑपरेशन खत्म होने की जानकारी दी है। इस हमले की जिम्मेदारी तालिबान ने ली है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक शक्तिशाली विस्फोट संसद के मेन गेट के पास हुआ। इलाके में छह से नौ बम धमाकों की आवाज सुने जाने के दावे किए जा रहे हैं। बंदूकधारी संसद में घुसने की कोशिश में फायरिंग कर रहे थे, लेकिन सुरक्षा बलों ने उनकी कोशिशों को नाकाम कर दिया। सभी सांसद सुरक्षित बताए गए हैं, लेकिन पांच नागरिकों के मारे जाने और 31 नागरिकों के घायल होने की खबरें हैं। मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी में कहा गया है कि इसके अलावा सोमवार को काबुल के पास एक डच महिला का अपहरण भी किया गया है। हमला तब हुआ, जब अफगानिस्तान के नामांकित रक्षा मंत्री मसूम स्तानेकजई का परिचय सासंदों से कराया जा रहा था, उनके नाम पर संसद की मुहर लगनी है।