बरनाला - बरनाला के 22 एकड़ इलाके में 15 जून को दिनदहाड़े हुए महिला के कत्ल तथा घर से हुई लूटपाट की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्यारोपियों में मुख्य सरगना कोई बाहर का व्यक्ति नहीं, बल्कि मृतक महिला का सगा भतीजा ही निकला। उसने अपने तीन अन्य दोस्तों को साथ लेकर वारदात को अंजाम दिया था। इस बात का खुलासा जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एस.पी. (डी) स्वर्ण सिंह खन्ना ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता के दौरान किया।
एसपी खन्ना ने बताया कि कत्ल व लूट की इस घटना में जैसे ही शक की सूई परिवार के सदस्यों पर घूमने लगी तो पुलिस ने परिवार के सदस्यों के नंबर ट्रेस करना शुरू किये। इससे सारे कांड का खुलासा होने लगा। मुख्य सरगना मारी गई महिला वीना मोदी का सगा भतीजा ईशान मोदी निकला। खन्ना ने खुलासा करते बताया कि ईशान मोदी का एक दोस्त सतीश जिंदल है जो कि टर्मीनल के धंधे में 35 लाख रुपया घाटे में आ गया। उन्होंने बताया कि दोनों ने किसी न किसी तरह से पैसा इकट्ठा करने की सोची।
सीधे ढंग से पैसा नहीं मिलने पर ईशान मोदी ने दोस्त से कहा कि उसके ताऊ के घर में भारी पैसा आया हुआ है। इसको लेकर उन्होंने योजना तैयार की। उन्होंने अपने साथ अपने दो अन्य दोस्तों अमृतपाल सिंह और आजाद कुमार को भी योजना में शामिल कर लिया। उन्होंने बताया कि जैसे ही सतीश मोदी बाद दोपहर चार बजे घर से खाना खाकर दुकान पर चला गया। उसी समय चारों नौजवान दो बाईक पर सवार होकर सतीश मोदी के घर पहुंचे। इनमें से आजाद कुमार व अमृत पाल सिंह ने घर का दरवाजा खुला देख घर के अंदर घुस गए। उन्होंने जैसे ही सेफ को खोला तो कुछ खटका होने पर सतीश मोदी की पत्नी वीना मोदी सेफ वाले कमरे में दाखिल हुई। इसके बाद अमृतपाल सिंह ने उस पर चाकुओं से हमला बोल दिया। इससे वह वहीं पर ढेर हो गयी। चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।