वाशिंगटन - अमरीकी राज्य साउथ कैरोलिना के चार्ल्सटन में ऐतिहासिक ब्लैक चर्च के अंदर गुरुवार को अज्ञात बंदूकधारी की गोलीबारी में कम से कम नौ व्यक्ति मारे गए। इस राज्य की गवर्नर भारतीय-अमरीकी निकी हेली हैं। चर्च के अंदर आठ लोग मारे गए, जबकि एक को अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित किया गया।
पुलिस एक संदिग्ध की तलाश कर रही है। स्थानीय समयानुसार रात नौ बजे चर्च में गोलीबारी हुई और उस समय वहां एक बैठक हो रही थी। साउथ कैरोलिना की गवर्नर हेली ने कहा कि उनका परिवार पीडि़तों और इस त्रासदी से प्रभावित परिवारों के लिए प्रार्थना कर रहा है। राज्य के इतिहास में यह गोलीबारी की अब तक की सबसे भीषण घटनाओं में से एक है। पुलिस ने कहा कि वह करीब 20 वर्षीय एक दुबले पतले श्वेत पुरुष की तलाश कर रही है, जिसने दाढ़ी नहीं रखी है।