चंडीगढ़ - पंजाब के सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली व भाजपा गठबंधन के बीच चल रहा गतिरोध समाप्त हो गया है। जिसके चलते अब पंजाब सरकार भी योग दिवस समारोह का आयोजन करने जा रही है। इसकी अधिकारिक रूप से तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 19 जून को प्रस्तावित आनंदपुर साहिब दौरा रद्द होने से अकाली दल के नेता नाराज चल रहे थे। अकाली दल ने भाजपा का ऐजंडा रहे योग दिवस कार्यक्रम से भी हाथ खींच लिया था।
इस बीच खालसा पंथ के 350 वें स्थापना दिवस समारोह में नरेंद्र मोदी की बजाए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह तथा गृहमंत्री राजनाथ सिंह द्वारा शामिल होने के लिए स्वीकृति दिए जाने के बाद अकाली दल ने भी योग दिवस समारोह की तैयारी शुरू कर दी है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कार्यक्रम स्पोट्र्स कांप्लेक्स सेक्टर-78 में सुबह 7 से 7:35 तक मनाया जाएगा। कार्यक्रम में कौन कौन शामिल होगा इस को लेकर जानकारी बाद भी जारी की जाएगी। हालांकि प्रशासन की ओर से इस बात की पुष्टि की गई है कि योग दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम मोहाली में होगा।
विश्व रिकॉर्ड में भागेदारी के लिए जिले के चौबीस शिक्षण संस्थाओं के स्टूडेंट्स को विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है। इस ट्रैनिंग कैंप में स्टूडेंट्स योगा के गुर सिख रहे है। प्रयास को सफल बनाने के लिए जिला मोहाली में 3 पंजाब (इंडीपेंडेट) कंपनी एनसीसी रोपड़ की ओर से अपने अधीन आती संस्थाओं को योगा की ट्रैनिंग दी जा रही है। शहरी क्षेत्रों में तो बच्चे योगा के गुर सीख ही रहे है वहीं ग्रामीण स्टूडेंट्स को भी योगा की शिक्षा दी जा रही है।
सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल जड़ौत के बच्चों को योगा के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बूथगढृ के अनलावा फांटवां के बच्चों को भी योगा की ट्रैनिंग दी जा रही है। इसके अलावा प्रशासन की ओर से डेराबस्सी, खरड़, बनूड़ के हिस्सों में भी योग कार्यक्रम करवाने की जानकारी दी है। प्रशासन की अतिरिक्त उपायुक्त पूनमजीत कौर ने इसके लिए तैयारियों का जायजा भी लिया है।