सना - आतंकवादी संगठन अल कायदा ने अपने लीडर नासिर वुहायशी की मौत के गुनहगार दो सऊदी नागरिकों को गोली मारकर ब्रिज से लटका दिया। अल कायदा का आरोप है कि इन्हीं दो लोगों ने अमरीका के लिए नासिर की जासूसी की थी, जिसके बाद वह ड्रोन हमले में मारा गया। अल कायदा इसे वुहायशी की मौत का बदला बता रहा है। सोशल मीडिया पर जारी फोटोज में मुकल्ला के समुद्र तट पर आतंकियों के बीच में दो लोगों को घुटनों के बल बैठे हुए दिखाया गया है।
उनके पीछे आतंकी काले का बैनर लेकर खड़े हुए हैं। बीते शुक्रवार को यमन में अल कायदा के लीडर नासिर वुहायशी की अमरीकी ड्रोन हमले में मौत हो गई थी। हालांकि यह साफ नहीं हो पाया है कि इन दो लोगों को कब मारा गया। वुहायशी ओसामा बिन लादेन का खास सहयोगी रह चुका है। इस आतंकी संगठन का आरोप है कि उसने जिन दो लोगों को मौत की सजा दी है उन्ही ने वुहायशी की जासूसी की थी। आरोप है कि ये दोनों वुहायशी की जानकारी अमरीका तक पहुंचा रहे थे।