काठमांडू - नेपाल में बुधवार को भूकंप के 4 झटके आए जिनकी तीव्रता 4 और 5.2 के बीच थी। 25 अप्रैल को देश में आए भीषण भूकंप के बाद अब तक कुल 320 झटके आ चुके हैं। बुधवार को नेपाली समयानुसार सुबह 5 बजकर 58 मिनट पर 4.4 तीव्रता का पहला झटका आया जिसका केंद्र राजधानी काठमांडू के पश्चिम में 7 किलोमीटर दूर रामकोट में था। झटकों के बाद घबराए लोग अपने घरों से निकल गए।
सुबह 6 बजकर 14 मिनट पर 5.2 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया जिसका केंद्र सिंधुपालचौक जिले में था। इसके तुरंत बाद इसी इलाके में 4 तीव्रता का एक भूकंप आया। चौथे झटके की तीव्रता 5.1 थी जो सुबह 8 बजे रिकॉर्ड किया गया। इसका केंद्र सिंधुपालचौक-तिब्बत सीमा इलाके में था। दो भीषण भूकंप और उसके बाद कई झटकों का सामना कर चुका नेपाल अभी भी त्रासदी से उबरने की कोशिश कर रहा है। 2 विनाशकारी भूकंप के कारण हिमालयी देश में करीब 8,800 लोगों की मौत हो चुकी है।