खरड़ - झयूर हेड़ी में महिला की मृत्यु हो जाने का मामला सामने आया है। पुलिस को महिला की लाश पंखे के साथ लटकती मिली है, परंतु मृतका के मायका परिवार द्वारा यह आरोप लगाया जा रहा है कि ससुराल वालों ने पहले लडक़ी की हत्या की। बाद में उसकी लाश को पंखे के साथ लटका कर आत्महत्या का मामला दिखाने की कोशिश की है। मृतका की पहचान रीतु (23) वासी कालका हरियाणा के रूप में हुई है। थाना सोहाना की पुलिस ने मृतका के भाई गौरव के बयान के आधार पर रीतु के पति इतजिंद्र सिंह सोनू और सास लाल कौर के खिलाफ मामला दर्ज करके दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश किया जाएगा।
दूसरी ओर सोमवार को सिविल अस्पताल में तीन डाक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया और बिसरा जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया। फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के असली कारण का पता लग सकेगा। पुलिस को दी शिकायत में मृतका के भाई गौरव ने बताया कि इतजिंद्र सिंह अकसर रीतु की पिटाई करता था और तीन बार उसको घर से निकाल दिया था। पंचायत ने दोनों पक्षों में फैसला करवाकर लडक़ी को ससुराल वापस भेजा था।
रीतु के परिवार ने बताया कि उन्होंने अपनी हैसियत अनुसार विवाह में दहेज दिया था। गौरव ने बताया कि रविवार को दोपहर 12 बजे रीतु ने फोन करके बताया था कि उसकी सास उसे परेशान कर रही है। उसने कुछ भी नहीं खाया है, जिस पर मां ने कहा कि वह शाम तक उसके घर आएंगे। वह उनके ससुराल वालों के साथ बातचीत करेंगे, परंतु इसके पहले ही उसकी मृत्यु की खबर आ गई। मृतका अपने पीछे डेढ़ साल का बच्चा गुरनूर छोड़ गई है।