श्रीआनंदपुर साहिब - पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल 17 जून को स्थानीय पंज प्यारा पार्क में स्थापित किया गया खालसाई शानो शौकत का प्रतीक साढ़े 79 फुट ऊंचा खंडा लोकार्पण करेंगे। खंडा साहिब स्थापित किए जाने के बाद इलाके के लोगों के लिए यह आकर्षण का केंद्र बना हुआ है व रोजाना हजारों लोग इसे देखने के लिए आते हैं। पंजाब के कैबिनट मंत्री डा. दलजीत सिंह चीमा ने मंगलवार को पंज प्यारा पार्क का जायजा लिया व 17 जून को होने वाले प्रोग्राम के प्रबंधों को देखा।
उन्होंने कहा कि 1999 में पंज प्यारों की याद में इस पार्क में पांच फुवाहारों को लगाया गया है, जो कि पार्क की सुंदरता को बढ़ाते हैं। डा. चीमा ने बताया कि 17 जून को पंज प्यारा पार्क में होने वाले समागमों में 11 घुड़ सवार निहंग खालसाई जाहो जलाला के साथ समागम में शामिल होंगे। गंतका पार्टियों की ओर से गंतका के जौहर दिखाए जाएंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के साथ शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जत्थेदार अवतार सिंह मंक्कढ विशेषतौर पर उपस्थित होंगे।