कपूरथला - कपूरथला-फिरोजपुर रेल मंडल के अधीन आते तीन राज्यों (पंजाब, हिमाचल प्रदेश व जम्मू-कश्मीर) के रेलवे स्टेशनों की दशा बदलेगी। जिन रेलवे स्टेशनों पर पर्यटकों की आवाजाही अधिक है, वहां पर मुसाफिरों के लिए और बेहतर इंतजाम किए जायेंगे। अमृतसर, पठानकोट, जम्मू, लुधियाना, जालंधर व अन्य उन रेलवे स्टेशनों पर और सहूलियतें बढ़ेंगी जहां रेल मुसाफिरों की आवाजाही तेजी से बढ़ रही है। ट्रेनों में साफ-सफाई की व्यवस्था और बेहतर होगी।
सुरक्षा के मद्देनजर तीनों राज्यों में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने स्पेशल रणनीति तैयार की है, इसके तहत टोल फ्री नंबरों के साथ अब और आसानी से शिकायत की जा सकेगी। यही नहीं रेल कर्मियों के सेहत का भी ख्याल और बेहतर रखा जायेगा । खासकर उन रेल कॉलोनियों के पानी की सप्लाई बेहतर होगी जहां पानी को लेकर विशेष इंतजाम होंगे। गरीबों के लिए चलाई गई अमृतसर-सहरसा (गरीब रथ) में बहुत कुछ बदलने वाला है।
जहां अब ट्रेन के एसी जेनरेटर के बजाय बिजली से चलेंगे, वहीं तीन नये कोच लगाए जाएंगे। गरीब रथ में खान-पान का स्तर और बढ़ेगा वहीं साफ-सफाई व्यवस्था और बेहतर होगी। कुल मिलाकर गरीब रथ की डिमांड ज्यादा देखते हुए फिरोजपुर रेलवे ने और सुविधाएं बढ़ाने के साथ ही आमदनी का जरिया भी बढ़ाने में जुट गया है।
गरीब रथ को जहां स्पेशल पावर सिस्टम के साथ जोड़ा जाएगा, वहीं तीन नए कोच भी लगाए जाएंगे। इसके तहत प्रति वर्ष गरीब रथ से 1.66 करोड़ का डीजल बचेगा, वहीं तीन नए कोच से प्रति वर्ष 8.8 करोड़ की आय बढ़ेगी। कुल मिलाकर 10 करोड़ के टारगेट को सामने रख फिरोजपुर रेल डिवीजन ने गरीब रथ पर नए सिरे से सवारी करने का प्लान बड़ौदा हाउस (रेल मुख्यालय) भेज दिया है।
यही नहीं गरीब रथ में हर डिब्बे में साफ-सफाई की व्यवस्था काफी हद तक शताब्दी एक्सप्रेस व राजधानी एक्सप्रेस की तर्ज पर होगी। मोबाइल चार्ज के लिए जहां बेहतर व्यवस्था दी जाएगी वहीं गरीब रथ में सवार लोगों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दस्ता में बढ़ोतरी होगी।