चंडीगढ़ - लगभग तैयार हो चुके मोहाली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन का मामला लटकता प्रतीत हो रहा है। हवाई अड्डा किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के हाथों उद्घाटन करवाए जाने पर शुरू होगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 19 जून की आनंदपुर साहिब की फेरी रद्द होने से हवाई अड्डे को संभवत: और प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है। सूत्रों के अनुसार हालांकि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने हवाई अड्डे के उद्घाटन के लिए नरेन्द्र मोदी को कई पत्र लिखे हैं, किंतु उनकी या प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री अशोक गजपति राजू ने भी प्रधानमंत्री कार्यालय को उद्घाटन के मामले में संपर्क किया है, लेकिन चीनी प्रवेश शुल्क और आतंकवादी दविन्दर पाल सिंह भुल्लर को अमृतसर स्थानांतरित किए जाने के मुद्दों पर पंजाब में अकाली दल और भाजपा में मनमुटाव के कारण हवाई अड्डे के उद्घाटन के मामले पर भी धूल जमती जा रही है।