होशियारपुर - शराब पीने के दौरान रूपये के लेन-देन को लेकर हुई कहा-सुनी के बाद गुस्साये एक बाहरी राज्य के मजदूर ने अपनी पत्नी व सगे मामा की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कपड़े बदल कर फरार हो गया। थाना मेहटीयाना की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थाना मेहटीयाना के एसएचओ करनैल सिंह ने बताया कि गांब भंगूरनी में तडक़े करीब 2.30 बजे अरोपी ने अपनी पत्नी शीला किरकट (40) तथा अपने मामा कोमल को रात को सोते समय किसी तेजधार हथियार से कत्ल कर दिया। उन्होंने बताया कि कत्ल के बाद उसने अपने खून से लथपथ कपड़े बदल लिए तथा मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार प्रेम प्रकाश के पुत्र तथा लडक़ी दलित किरकट जो कि रात समय मकान की छत पर सो रहे थे ने बताया कि वो शोर सुनकर घबरा गये तथा अपनी जान बचाने के लिए कहीं छुप गए। उन्होंने बताया कि जब सुबह प्रभात हुई तो उन्होंने पंचायत द्वारा पुलिस को जानकारी दी। घटना का पता लगते ही डी.एस.पी चब्बेवाल हरदीप कुमार पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंच गए दोनो शवों को पुलिस ने कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गयी प्राथमिक जांच में यह पाया गया इन दोनों ने रात को कथित तौर पर इकट्ठे शराब पी तथा दोनों में पैसों के लेन-देन को लेकर कोई झगड़ा था। मेहटीयाना पुलिस ने इस संबंधी मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।