नई दिल्ली - म्यांमार में घुसकर आतंकी संगठनों पर भारतीय सेना के हमले के बाद पाकिस्तान बौखला गया है। पाकिस्तानी मंत्री, नेताओं के बाद अब पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने भी गीदड़ भभकी दी है। मुशर्रफ ने कहा कि पाकिस्तान ने परमाणु बम शब-ए-बारात में फोडऩे के लिए नहीं बनाए हैं। एक इंटरव्यू में मुशर्रफ ने बौखलाते हुए कहा कि भारत का एजेंडा है कि पाकिस्तान को दबाया जाए। उनका अनुभव है कि अगर भारत से बराबरी करके मुकाबला नहीं किया जाएगा तो वह और दबाएगा।
मुशर्रफ ने आरोप लगाया कि भारत एक तय रणनीति के तहत ऐसा कर रहा है। भारत पाकिस्तान को अलग-थलग कर देना चाहता है। मुशर्रफ ने यह भी कहा कि आखिर पाकिस्तान ने परमाणु बम क्यों बनाकर रखे हैं। भारत हमारी सीमा में न घुसे, क्योंकि हम छोटी ताकत नहीं बल्कि न्यूक्लियर पावर हैं। वह भारत को उसके खेल में कभी कामयाब नहीं होने देंगे। उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से भी भारत को जवाब देने को कहा।
मुशर्रफ ने कहा कि कोई शक सुबह नहीं है, यह उन्होंने सोचे समझे मंसूबे के मुताबिक रवैया अपनाया है। हमें दबाना उनका मकसद है। बर्मा में किया है और कह रहे हैं पाकिस्तान में भी कर सकते हैं। इसमें कोई शक नहीं है कि हम न्यूक्लियर स्टेट हैं। हमारे पास बहुत बड़ी आर्म्ड फोर्स है। हम न्यूक्लियर ताकत को इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं, लेकिन अगर हमारा वजूद खतरे में आता है तो ये किसलिए रखे हैं।