जालंधर- अक्सर चर्चा में रहने वाली सीआइए पुलिस ने बुधवार को दो युवकों को थर्ड डिग्री टॉर्चर किया। इसके बाद बेसुध हुए युवकों को पुलिस निजी अस्पताल के बेड पर डाल बिना बताए रफूचक्कर हो गई। घटना का खुलासा बुधवार रात को हुआ जब एक रिश्तेदार ने युवकों की हालत के बारे में मीडिया को सूचित किया। थर्ड डिग्री का शिकार हुए युवकों की पहचान मुख्तयार सिंह उर्फ बंटी निवासी बस्ती शेख तथा हनी निवासी टोबड़ी मोहल्ला के रूप में हुई है। वेंटीलेटर पर पड़े मुख्तयार सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हनी ने बताया कि मुख्तयार सिंह की किसी लड़ाई-झगड़े के मामले में बुधवार को कोर्ट में पेशी थी। वह भी उसके साथ था। पेशी के बाद वे दोनों बाइक पर नकोदर चौक की तरफ आए तो अचानक आगे एक गाड़ी ने घेर लिया। गाड़ी से सिविल वर्दी में निकले पुलिस मुलाजिमों ने उन्हें गाड़ी में ठूसा और सीआइए ले गए।
हनी के अनुसार मुख्तयार सिंह को थर्ड डिग्री टॉर्चर किया गया। इतना ही नहीं उसके गुप्तांग पर करंट लगाकर जबरन नशा तस्करी करने की बात कबूल करवाने चाही। गुप्तांग पर करंट लगने से मुख्तयार जब बेसुध हो गया तो मुलाजिमों ने जबरन एक सफेदी पुडिय़ा से पाउडर निकाला और उसके मुंह में ठूस दिया। इसके बाद मुख्तयार के मुंह से झाग निकलने लगी तो पुलिस उसे छोड़ दिया। हनी ने कहा कि इसके बाद उसे थर्ड डिग्री टॉर्चर किया गया। मामला बिगड़ा तो मुलाजिमों के हाथ-पांव फूल गए और दोनों को न्यू रूबी अस्पताल के बेड पर डाल मुलाजिम अस्पताल प्रशासन को बिना बताए रफूचक्कर हो गए।
मीडिया कर्मियों ने आला अधिकारियों को मामले से अवगत करवाया। एसीपी जसवीर सिंह राय, एसीपी क्राइम हरजिंदर सिंह व सीआइए इंचार्ज गुरप्रीत समेत अन्य थानों के प्रभारी मौके पर पहुंच गए। एसीपी हरजिंदर सिंह का कहना था कि फिलहाल युवकों का इलाज होना जरूरी है। होश में आने के बाद अगर कोई मुलाजिम दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। देर रात तक आला अधिकारी अस्पताल में डेरा डाले हुए थे।