तलवंडी भाई - आम आदमी पार्टी के संसदीय नेता व संगरूर से सांसद भगवंत मान एवं फरीदकोट के सांसद प्रो. साधु सिंह ने गत दिवस तलवंडी भाई व मुदकी में जनसमूहों को संबोधित करते हुए कहा कि अकाली-भाजपा सरकार ने पंजाब को कैलिफोनया बनाने की बजाय नशा, कैंसर, बेरोजगारी, लूट-खसूट व गुंडागर्दी वाला पंजाब बनाकर रख दिया है। इससे पहले श्री मान व प्रो. साधु सिंह द्वारा तलवंडी भाई में कैंसर जांच बस द्वारा आरंभ किए गए शिविर का उद्घाटन भी किया गया।
पत्रकारों द्वारा दिल्ली सरकार के कानून मंत्री जितेंद्र तोमर की गिरफ्तारी पर पूछे सवाल के जवाब में भगवंत मान ने कहा कि देश में दो तरह के कानून चल रहे हैं। पुलिस व अदालती केसों का सामना कर रहे भाजपा व कांग्रेस पाटयों के मंत्री व नेता सरेआम घूम रहे हैं, जबकि ‘आप’ के कानून मंत्री की गिरफ्तारी के लिए कहीं से भी मंजूरी की आवश्यकता नहीं समझी गई जिससे साबित होता है कि देश में कानून की सामान्यता नहीं है।
उन्होंने कहा कि अकाली अपने चुनाव चिन्ह तराजू को बाबा नानक की तकड़ी बताते हैं, लेकिन अब यह तकड़ी तेरा-तेरा की बजाए केवल मेरा-मेरा ही तोल रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हमेशा जनता ही सर्वोपरि होती है जो दिल्ली की जनता ने साबित कर दिखाया है। इस मौके पर वरिंद्र कुमार शर्मा, राजबीर सिंह संधू, गुरनाम सिंह चंदड़, नरिंद्र कुमार आदि उपस्थित थे।