दुबई - मध्य पूर्व के देश बहरीन ने भी भारत में निर्मित मैगी पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह जानकारी रविवार को एक मीडिया रपट से मिली। गल्फडेली न्यूज के मुताबिक, इससे पहले स्वास्थ्य मंत्रालय के आदेश पर बहरीन में दुकानों से मैगी के सैकड़ों पैकेट जब्त कर लिए गए। भारत में मैगी में सीसे की मात्रा सुरक्षित सीमा से अधिक पाई गई है। गत सप्ताह बहरीन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस आधार पर मैगी की बिक्री को मंजूरी दे दी थी कि अधिकतर मैगी का आयात यहां मलेशिया से होता है।
रपट के मुताबिक, भारत से मैगी का और आयात नहीं हो इसके लिए बंदरगाहों पर चौकसी बढ़ा दी गई है। एक अधिकारी ने कहा कि एहतियातन मलेशिया से आने वाली मैगी की खेप के नमूनों को भी जांच के लिए भेजा गया, जिन्हें सुरक्षित पाया गया। नेस्ले मिडल ईस्ट ने एक बयान जारी कर कहा है कि उसके उत्पाद सुरक्षित हैं। नेस्ले मिडल ईस्ट के एक अधिकारी ने कहा, मध्य पूर्व में हमारे सभी मैगी उत्पाद सुरक्षित हैं और गुणवत्ता मानकों का पालन करते हैं। खाद्य सुरक्षा नेस्ले की शीर्ष प्राथमिकता है।