मोहाली - गांव दांऊ में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर कथित रूप से तेल फेंककर आग लगा दी, जिससे पत्नी का करीब 90 प्रतिशत शरीर जल गया। महिला को फेज 6 के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसको सरकारी अस्पताल सेक्टर 32 चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार इंदू का पति राम अतरु अपनी पत्नी पर अक्सर शक करता था। बीती शाम उसने अपनी पत्नी पर कथित रूप से उस समय तेल डालकर आग लगा दी, जब वह अपने कमरे में थी। कमरे में उसके साथ बच्चे भी मौजूद थे।
आग लगते ही इंदू चिल्लाते हुए भागकर कमरे से बाहर आ गई और अपने बचाव के लिए शोर मचाने लगी। आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और उसका पति राम अतरु मौके से फरार हो गया। लोगों ने जख्मी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। केस के जांच अधिकारी अजैब सिंह का कहना है कि पुलिस द्वारा कार्रवाई शुरू कर दी गई है, परंतु इंदू अभी बयान देने में असमर्थ है।