होशियारपुर - नशा छुड़ाओ केन्द्र में दाखिल दो यवुकों के बीच विवाद ने उस समय खूनी रंग ले लिया जब एक ने गला घोंट कर दूसरे की कथित तौर पर हत्या कर दी। पीडि़त परिवार की शिकायत पर थाना चब्बेवाल की पुलिस ने एक पूर्व पार्षद के बेटे के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। थाना चब्बेवाल की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दो युवकों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
तहसील गढ़शंकर के गांव लल्लियां के निवासी शादी लाल ने पुलिस को बताया कि ब्लाक माहिलपुर के गांव मुग्गोवाल में चल रहे नशा छुड़ाओ केंद्र गुरु किरपा सोशल वैलफेयर में नशा छुड़ाने के लिए पिछले डेढ़ महीने से भर्ती उसका रिश्तेदार दीपक कुमार निवासी कालेवाल लल्लियां बीती देर रात केंद्र में टीवी देख रहा था। इस दौरान महावीर पुत्र राजकुमार थापर (पूूर्व पार्षद) निवासी दशमेश नगर होशियारपुर के साथ उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर महावीर ने कथित तौर पर कपड़े की रस्सी बना कर दीपक का गला घोंट दिया। जब वह दीपक को माहिलपुर के अस्पताल लेकर जा रहे थे तो रास्ते में उसकी मौत हो गई।