चंडीगढ़ - पंजाब राजभवन में सीआरपीएफ की गारद में तैनात कांस्टेबल के खाते से किसी ने ऑनलाइन फ्रॉड के जरिये हजारों रुपये उड़ा लिये। कांस्टेबल को इस धोखाधड़ी का उस वक्त पता चला जब उसके मोबाइल पर खाते से पैसे निकाले जाने का पता चला। सीआरपीएफ कांस्टेबल प्रेम लाल को मोबाइल पर मैसेज आया। उसके सेविंग खाते से 45,400 रुपये निकाले जा चुके थे। प्रेम लाल के मुताबिक रुपये निकाले जाने से पहले उसके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल की। इस कॉल में व्यक्ति ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताते हुए उसके खाते की जानकारी मांगी।
एटीएम और बचत खाते के बारे में पूछने के बाद आरोपी ने फोन बंद कर दिया। बताया गया कि सुबह कांस्टेबल डयूटी पर था। उसके पास मोबाइल पर जैसे ही पैसे निकाले जाने का मैसेज आया तभी वह बैंक पहुंचा। बैंक में उसने पहले उस शख्स के बारे में पूछताछ की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। बैंक कर्मियों ने भी आरोपी शख्स के बारे में तफ्तीश करने की बात कही। उसने इस धोखाधड़ी के बारे में सेक्टर 3 थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस को जांच में शक है कि अज्ञात शख्स ने फोन के जरिये प्रेम लाल के खाते की सारी जानकारी लेने के बाद ऑनलाइन के जरिये उसका पिन चेंज करते हुए उसके खाते से रुपये निकाल लिये। पुलिस ने इस मामले की जांच साइबर सैल को सौंप दी है।