जेनेवा - अमरीका के विदेश मंत्री जॉन कैरी फ्रांस में साइओंजियर के पास साइकिल चलाते हुए रविवार को एक दुर्घटना का शिकार हो गए, जिससे उनके दाएं पैर की हड्डी टूट गई। उन्हें इलाज के लिए जेनेवा लाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर है। विदेश मंत्री के प्रवक्ता जॉन किरबी ने बताया कि कैरी ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जावेद जरीफ से मुलाकात के बाद साइकिल पर हवाखोरी के लिए निकले थे। इसी दौरान वह एक हादसे का शिकार हो गए। उनके दाएं पैर की ‘फीमर’ हड्डी टूट गई है, लेकिन उनकी जान को कोई खतरा नहीं है।
उनके जल्द ही पूरी तरह ठीक हो जाने की संभावना है। हादसे के बाद कैरी ने पेरिस और मैड्रिड की अपनी यात्रा रद्द कर दी है और वह अमरीका लौट रहे हैं। वह रविवार शाम मैड्रिड जाने वाले थे, जिसके बाद वह पेरिस में इराक के प्रधानमंत्री हैदर अल अबादी से मुलाकात करने वाले थे। प्रवक्ता ने बताया कि कैरी को मेडिकल हेलिकाप्टर के जरिए जेनेवा के अस्पताल में लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।