संगरूर - केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने रविवार को कहा कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के मद्देनजर जल्द ही वूमन हेल्पलाइन शुरू की जाएगी। श्रीमती गांधी ने कहा कि परेशानी में फंसी महिलाएं कहीं भी इस पर सूचना दे सकेंगी और पुलिस उनकी मदद के लिए हाजिर होगी। इसी तरह गुमशुदा बच्चों के बारे में भी ट्रैक चाइल्ड वेबसाइट भी शुरू की जाएगी।
जिन बच्चों का अपहरण हो जाता है अथवा जो लापता हो जाते हैं, उनके लिए भी ‘खोया पाया’ अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत सभी रेलवे स्टेशनों, बोगियों और विभिन्न स्थानों पर इस बारे में पोस्टरों के जरिए जानकारी दी जाएगी, ताकि कहीं भी ऐसे बच्चे मिलें तो पुलिस को उसकी सूचना मिल सके। केंद्र जल्द ही बाल श्रमिक एक्ट में संशोधन करने जा रही है। कौशल विकास केंद्र भी सरकार देश में खोलने जा रही है, ताकि युवा शक्ति को इसका लाभ मिले।