लुधियाना - पेपर देने के लिए आई एक छात्रा को नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक ट्रक ड्राइवर ने मॉडल टाउन इलाके से अगवा कर लिया। इसके बाद लगातार 15 दिनों तक उसे अलग-अलग शहरों में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। बरनाला से परीक्षा देने आई छात्रा चंडीगढ़ में किसी तरह ट्रक ड्राइवर के चंगुल से निकल कर भाग निकली और अपने भाई को मोबाइल पर सूचना दी, जिसके बाद पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने पीड़िता को सूचना मिलते ही ढूंढ निकाला। थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने पीड़ित टीना (काल्पनिक नाम ) के बयान पर आरोपी ट्रक ड्राइवर रवि निवासी अपरा मंडी, जालंधर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि वह बीसीए पार्ट-1 की छात्रा है। 14 मई को वह बरनाला से लुधियाना पेपर देने के लिए आई थी।
2 से 5 बजे तक पेपर देने के बाद जब वह कॉलेज के गेट के बाहर निकली तो आरोपी उसे नौकरी का झांसा देकर अपने साथ ले गया। उसी दिन आरोपी उसे ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी उसे हरिद्वार, शामली व जालंधर आदि शहरों में लेकर घूमता रहा। आरोपी उसे सभी शहरों के होटलों में ले जाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
24 मई को आरोपी उसे शादी करने के इरादे से चंडीगढ़ ले गया, जहां मौका देख वह वहां से भाग निकली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।