मेलबर्न - आस्ट्रेलिया की पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि मेलबर्न की कम से कम पांच महिलाएं आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट में शामिल होने में कामयाब रही हैं, जबकि ऐसे ही लगभग दर्जनों मामले सामने आए हैं। खतरनाक आतंकी समूह के बारे में स्नेह रखने वाली कई महिलाओं ने जेहादी दुल्हन बनना चुना है। इन महिलाओं की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है। ये भी सामने आया है कि आस्ट्रेलिया से निकलने से पहले उन्होंने अपने परिवारों से झूठ बोलकर घर छोड़ा।
विक्टोरिया की असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर ट्रेसी लिनफॉर्ड कहती हैं कि कितनी महिलाएं अबतक आईएस में शामिल होने के लिए आस्ट्रेलिया से जा चुकी हैं ये स्पष्ट तौर पर बता पाना मुश्किल है, लेकिन कम से कम 12 महिलाओं के बारे में हमारे पास पुख्ता सबूत हैं जिन्होंने आईएस में शामिल होने की कोशिश के चलते देश छोड़ा है, जिनमें से पांच उसमें भर्ती होने में सफल रही, जबकि उनमें से कुछ वापस आ रही हैं।