जालंधर - जालंधर ग्रामीण पुलिस ने हत्या, लूटपाट, डकैती और छीनाझपटी की विभिन्न वारदातों में वांछित खतरनाक अमना गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 पिस्तौल, 9 कारतूस और 2 गाडिय़ां बरामद की हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिक्षक जसप्रीत सिंह संधू ने यहां बताया कि 14 मई को गोराया थाना के गांव काहना ढेसीयां में सैर कर रहे एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। हत्या के इस मामले की जांच करने के लिए पुलिस अधीक्षक हरकमलप्रीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस की एक टुकड़ी वहां गई हुई थी जहां से इन सभी अरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनकी गिरफ्तारी से 10 विभिन्न अपराध के मामले हल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रारम्भिक पूछताछ से पता चला है कि गिरोह के सदस्यों का अगला निशाना होशियारपुर का लख्खा था जिसने बिन्नी गुज्जर के पिता का कत्ल किया था। इसके अतिरिक्त इस गिरोह ने जालंधर जमशेर क्षेत्र से एक मनी एक्सचेंजर को लूटा था। काहन ढेसीयां में नरिंदर सिंह का कत्ल, नकोदर से कार चोरी, शाहकोट से साढे चार लाख की लूट, गाव डविंडा अहिराणा से जेवरात की दुकान , कपड़े की दूकान से 60 हजार रूपए की लूट आदि की घटनाओं का अंजाम दिया था।