सेंट एंटोनियो - अमरीका के टेक्सास शहर में जबरदस्त बारिश के बाद आई बाढ़ से 12 लोगों की मौत हो गई है। टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबोट ने मंगलवार को कहा कि तूफान, भारी बारिश और बाढ़ के कारण हजारों लोगों को शहर से पलायन करना पड़ा है। तूफान का आना अब भी जारी है। बारिश के कारण नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। ब्लान्को नदी और टेक्सोमा लेक में जलस्तर बहुत ज्यादा हो गया है। उन्होंने कहा कि हेज और बिम्बरले प्रांत में बाढ़ से सबसे ज्यादा तबाही हुई है।
बिम्बरले क्षेत्र में तीन लोग लापता हैं और ज्यादातर इमारतें ढह गई हैं। अधिकारियों ने लोगों को क्षतिग्रस्त इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है, क्योंकि अभी और बारिश होने की आशंका है, जिससे बाढ़ की स्थिति और भयावह हो सकती है। 1200 से ज्यादा घर तबाह हो गए हैं। नेशनल वेदर सर्विस ने बताया कि नदी की लहरें 43 फीट तक पहुंच गई हैं, जो एक रिकार्ड है। पहले 1929 में भयंकर बाढ़ आई थी।