लंदन - भारतीय मूल के एक अग्रणी उद्यमी को ब्यूरो ऑफ इंटरनेशनल रिसाइक्लिंग का प्रमुख चुना गया है। ब्यूरो ऑफ इंटरनेशनल रिसाइक्लिंग एक वैश्विक संस्था है जो उपयुक्त और प्रतियोगी विश्वअर्थव्यवस्था में रिसाइकल होने योग्य चीजों के स्वतंत्र और निष्पक्ष व्यापार का मार्ग आसान करती है। जे एंड एच सेल्स (इंटरनेशनल) लि. के चेयरमैन रंजीत सिंह बख्शी ब्रूसेल्स स्थित इस रिसाइक्लिंग एसोसिएशन के दो साल तक अध्यक्ष रहेंगे।
अध्यक्ष का चुनाव पिछले मंगलवार को दुबई में एसोसिएशन के वर्ल्ड कन्वेंशन ऐंड एक्सिबिशन में हुआ था। ब्यूरो ऑफ इंटरनेशनल रीसाइक्लिंग (बीआईआर) एक ग्लोबल रीसाइक्लिंग इंडस्ट्री है जिसका मुख्यालय ब्रुसेल्स में है। यह असोसिएशन निजी सेक्टर की 700 से ज्यादा कंपनियों और भारत समेत 70 अलग-अलग देशों के 40 नैशनल ट्रेड फेडरेशंस का प्रतिनिधित्व करता है। अपने स्वीकार्य भाषण में बख्शी ने महात्मा गांधी के प्रसिद्ध कथन को दोहराया जिसमें उन्होंने कहा था कि आप दुनिया में जो परिवर्तन लाना चाहते हैं, वह परिवर्तन आपको खुद में भी बनना चाहिए।