मुक्तसर - पंजाब पुलिस ने यह कहते हुए एक निजी बस कंडक्टर के खिलाफ छेड़छाड़ की दो नाबालिग बहनों की शिकायत रद्द करने का फैसला किया है कि शिकायत ‘झूठी’ साबित हुई है। माना जाता है कि यह बस एक अकाली नेता की है। मुक्तसर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह चाहल ने यहां पत्रकारों से कहा था कि पुलिस ने वीडियो फुटेज, कॉल डिटेल रिकार्ड और गवाहों के वीडियो बयान की जांच की है और इस नतीजे पर पहुंची है कि न्यू दीप ट्रांसपोर्ट कंपनी के कंडक्टर के खिलाफ दर्ज छेड़छाड़ की शिकायत सही नहीं है।
चाहल के अनुसार मुक्तसर के एक सरकारी कालेज के छात्र संघ के सक्रिय नेता गगन संग्रामी ने कथित रूप से लड़कियों के पिता जसबीर सिंह के साथ साजिश रच कर झूठी शिकायत दर्ज कराई क्योंकि हाल ही में न्यू दीप ट्रांसपोर्ट कंपनी और छात्र संघ के सदस्यों के बीच फरीदकोट में झगड़ा हुआ था जिसमें कुछ छात्रों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस जांच से रहस्योद्घाटन हुआ कि फर्जी शिकायत दी गई। यह मामला छात्र नेता के इशारे पर दर्ज कराया गया ताकि फरीदकोट में 13 छात्रों के खिलाफ मामले वापस लेने के लिए बस कंपनी पर दबाव डाला जा सके। चाहल ने कहा कि हमने कंडक्टर के खिलाफ दायर प्राथमिकी रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।