वाशिंगटन - पाकिस्तान के ऐबटाबाद में ओसामा बिन लादेन के ठिकाने से मिले दस्तावेजों में भारत के खिलाफ जहर उगला गया है। अलकायदा के एक दस्तावेज में साल 2008 में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों द्वारा किए गए मुंबई हमले को ‘जाबांज फिदाई’ और पुणे की जर्मन बैकरी पर हमले को ‘शानदार बड़ा’ धमाका बताया गया है।
इस 15 पृष्ठ के दस्तावेज ‘टेरर फ्रेंचाइजीज: द अनस्टॉपेबल एसासिन: टेक्स वाइटल रोल फॉर इट्स सक्सेज’ में मुंबई हमले को ‘मुबारक’ अभियान करार दिया गया है। यह दस्तावेज वास्तविक रुप से अंग्रेजी भाषा में है। गौर हो कि ऐबटाबाद के इसी ठिकाने से लादेन अमेरिकी सैनिकों के हाथों मारा गया था।