बठिंडा - आईपीएल द्वारा करवाये जा रहे क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगवाने के आरोप में जिला पुलिस ने 6 लोगों को काबू किया है जबकि उनके 8 साथी फरार होने में सफल हो गये । पकड़े गये लोगों से पांच लाख की नकदी, 48 मोबाइल फोन, विभिन्न कंपनियों के 29 सिम कार्ड, दो लेपटाप, एक इंटरनेट डोंगल सहित अन्य सामान बरामद किया है। यह जानकारी एसएसपी बठिंडा कुलदीप चहल ने दी। इस अवसर पर एस पी शहरी बठिंडा देस राज, एस पी डी राकेश कुमार व अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
एस एस पी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग आईपीएल के क्रिकेट मैचों पर मोबाइलों द्वारा करोड़ों रूपये का सट्टा लगवा कर भारी मुनाफा दिलवाने का झांसा देकर ठगी मार रहे हैं। एस एस पी ने बताया कि आरोपी एक सैटअप बाक्स के माध्यम से एक बार में ही कई लोगों को एक साथ फोन आवाज देते थे व भाव बताते थे।
यह संदेश दूर-दूर तक एक साथ पहुंचता था। जिस बाहिया रिजोर्ट के बंकेट हाल में क्रिकेट मैचों पर सट्टा चल रहा था उसे धीरज कुमार ने किराये पर ले रखा था तथा वह वहां अवैध तौर पर क्रिकेट पर सट्टा करवाता था। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।