राजपुरा - राजपुरा के नलास रोड पर स्थित एक प्लास्टिक की फैक्टरी में भीषण आग लग जाने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग पर काबू पाने के लिए राजपुरा, पटियाला, मोहाली, गोबिंदगढ़, खन्ना व डेराबस्सी की फायर ब्रिगेड गाडिय़ों ने कड़ी मशक्कत से लगातार तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। उल्लेखनीय है कि फैक्टरी मालिकों को पहले ही फायर विभाग की तरफ से नोटिस जारी किए जा चुके थे कि वह आग बुझाने के यंत्र लगाने का इंतजाम करें ताकि कोई भी हादसा न हो।
मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया कि हमें जैसे ही फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली, हम पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए लेकिन प्लास्टिक की फैक्टरी होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसे देखते हुए उक्त शहरों से फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मंगवाकर आग पर काबू पाया गया। इस मौके फैक्टरी मालिक विपिन मिगलानी ने बताया कि आग लगने का कारण उन्हें मालूम नहीं। उन्होंने बताया कि फैक्टरी में लगी आग में हुए नुकसान की बात तो सामान देखने के बाद पता चलेगी, लेकिन लाखों रुपये के सामान के जलने की उन्होंने बात कही।