पटियाला - मुथूट कंपनी ऑफिस में दिन दहाड़े हुई लूट के मामले में पुलिस ने आज उसकी दो महिला कर्मचारियों और एक पूर्व कर्मचारी सहित 6 लोगों को गिरफ्तार करने के साथ 24 घंटे के अंदर मामला सुलझा लेने का दावा किया है। चुराया गया 11 किलोग्राम सोना भी बरामद कर लिया गया है जिसकी कीमत साढ़े 3 करोड़ रुपये है।
पटियाला जोन के पुलिस महानिरीक्षक परमजीत सिंह गिल ने संवाददाताओं को बताया कि यहां त्रिपुरी में कल मुथूट फिनकॉर्प में हुई लूटपाट के संबंध में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। त्रिपुरी शहर के व्यस्ततम बाजारों में से एक है। गिल ने कहा कि साढ़े 3 करोड़ रुपये कीमत के 11.26 किलोग्राम वजन के सोने के जेवर और 2.51 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपी पटियाला के रहने वाले हैं । उनकी पहचान, मुख्य आरोपी और कंपनी के पूर्व कर्मचारी गौरव सिंगला, ज्योतिषी सुखविंदर सिंह, पूर्व पत्रकार रोबिन रावल, गुरप्रीत सिंह और कंपनी की दो महिला कर्मचारी वेनस शर्मा और नवनीत कौर के तौर पर हुई है।
गिल ने कहा कि अपराध में इस्तेमाल हुई एक मोटर साइकिल, एक स्कूटर और .32 बोर की पिस्तौल और 3 कारतूस भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को लुटेरों के बारे में सुराग सीसीटीवी फुटेज से मिला था और कंपनी के पूर्व कर्मचारियों के रिकॉर्ड ने भी मामले को हल करने में मदद की। आईजी ने कहा कि मुख्य आरोपी गौरव पेशे से प्रॉपर्टी डीलर है और उसने उस कंपनी में लूट की योजना बनाई जहां वह पहले काम करता था, क्योंकि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ है और उसने अपनी योजना में वेनस और नवनीत तथा अपने 3 अन्य मित्रों को शामिल किया।