रोपड़ - पंजाब के दो निर्दलीय विधायकों को रेत माफिया के खिलाफ सांकेतिक प्रदर्शन के दौरान आज यहां गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों विधायक भाई हैं। पुलिस ने कहा कि बलविंदर सिंह बैंस और सिमरजीत सिंह बैंस को उनके समर्थकों के साथ रेल ब्रमाद गांव में गिरफ्तार किया गया। दोनों को सतलुज नदी के पास बालू से ट्रक भरते पाए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस दल ने बैंस बंधुओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें बलाचौर ले जाया गया।
दोनों के खिलाफ शांति एवं सौहार्द्र भंग करने के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि दोनों को कल एसडीएम बलाचौर की अदालत में पेश किया जाएगा। दोनों ने ‘इंसाफ पार्टी’ बनाई है जो पंजाब में ‘रेत माफिया’ के खिलाफ आंदोलन कर रही है। पिछले महीने भी दोनों को इन्हीं आरोपों में लुधियाना में गिरफ्तार किया गया था।