बीजिंग - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन दिन की अपनी चीन यात्रा के दूसरे चरण में बीती रात बीजिंग पहुंचे, जहां वह चीन के प्रधानमंत्री ली केक्यांग से आज सीमा मामले और व्यापार असंतुलन सहित परस्पर हित से जुडे तमाम मामलों पर विचार करेंगे। कुछ देर बाद ग्रेट हॉल ऑफ पीपल में चीन के प्रधानमंत्री ली केकियांग पीएम का औपचारिक स्वागत हुआ। यहां पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अब दोनों के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी।
भारतीय समयानुसार सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर भारत और चीन के बीच समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे। साढे 9 बजे दोनों प्रधानमंत्री का संयुक्त प्रेस स्टेटमेंट होगा। उम्मीद की जा रही है कि प्रधानमंत्री इस दौरान चीनी निवेशकों को भारत में निवेश का न्यौता देकर मेक इन इंडिया अभियान में भागीदार बनने को कहेंगे। वह यहां नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (चीनी संसद) के अध्यक्ष झांग देज्यांग से भी मिलेंगे। मोदी प्रतिष्ठित त्सिंगुआ यूनिवर्सिटी में छात्रों को संबोधित करेंगे और इसके बाद टैंपल ऑफ हैवन जाएंगे, जहां वह योगा ताइची संयुक्त कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।
इसके बाद वह चीन दौरे के तीसरे चरण में शंघाई के लिए रवाना हो जाएंगे। पीएम मोदी के चीन दौरे पर पर्यटन, खनन और खनिज समेत, 64 हजार करोड रूपए के कारोबारी समझौते हो सकते हैं। पीएम मोदी 23 हजार करोड़ रूपये के बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पर भी चर्चा करेंगे। इसके अलावा दवाओं के क्षेत्र में सहयोग के लिए समझौता होने की उम्मीद है। पीएम मोदी भारतीय समयानुसार शंघाई के लिए शाम 4 बजकर 20 मिनट पर रवाना हो जाएगे। शाम 7 बजे पीएम मोदी शंघाई पहुंचेंगे।