जालन्धर - एक ही दिन में 2 बार चालान काटने व मोटरसाइकिल इम्पाउंड करने से परेशान एक युवक ने जहर खाकर जान दे दी। आत्महत्या करने वाले खाम्बड़ा निवासी भरत (18) के परिजनों ने पुलिस पर पैसे लेने का भी आरोप लगाया है। भरत के 2 चालान जालन्धर कमिश्नरेट पुलिस के थाना नंबर-7 और जालंधर रूरल पुलिस के थाना सदर नकोदर एरिया में काटे गये। चालान कटने व मोटरसाइकिल इम्पाउंड होने से हताश भरत एक दिन घर नहीं आया।
सोमवार शाम घर पहुंचा तो वह सल्फास निगल चुका था। देर रात उसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। भरत के माता-पिता का आरोप है कि पुलिस ने उनके बेटे से रुपये भी लिए और मोटरसाइकिल भी इम्पाउंड कर लिया। इस घटना से परेशान होकर भरत ने जान दी है।