गुरदासपुर - करीब 10 दिन पहले बटाला के नजदीकी गांव बहादुर हुसैन के रहने वाले एक युवक की मलेशिया में रहस्यमय ढंग से मौत हो जाने का मामला शुक्रवार को पूरी तरह गरमा गया जब मलेशियां से उक्त युवक का शव उसके गांव बहादुर हुसैन पहुंचा। गुस्साये गांववासियों और परिजनों ने शव को बटाला के जीटी रोड स्थित गांधी चौक के बीच रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
करीब 5 घंटे तक चले चक्का जाम के कारण आने जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी मांग कर रहे थे कि ट्रेवल एजेंटों के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले को हत्या के मामले में तबदील कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। आखिरकार पुलिस ने मृतक के परिजनों के विरोध के आगे झुकते हुए पहले दर्ज हुए धोखाधड़ी के मामले को हत्या के मामले में तबदील करके प्रदर्शनकारियों को शांत किया। इसके बाद परिजनों ने गांधी चौक से शव को उठा लिया।
गांव बहादुर हुसैन के युवक बलविंदर सिंह का विदेश जाने के लिए बटाला के कुछ ट्रैवल एजेंटों के साथ मलेशिया पहुंच कर आगे किसी अन्य देश में भेजने सौदा हुआ था। 30 मार्च को एजेंटों ने बलविंदर सिंह को मलेशिया भिजवा दिया। बलविंदर सिंह के घर वालों का कहना है कि विदेश भेजने के लिए उक्त एजेंटों ने उनसे पहले दो लाख रूपये और बाद में मलेशिया से अमेरिका भेजने के लिए पांच लाख रूपये ले लिए लेकिन बाद में आरोपियों ने मलेशिया में ही बलविंदर सिंह से मारपीट कर उसे जान से मार दिया।