ओटावा -तीन देशों के दौरे के अंतिम पड़ाव पर बुधवार को कनाडा पहुंचे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ एक और बड़ी सफलता लगी है। कनाडा से भारत का परमाणु समझौता हो गया है और इसके तहत वह असैन्य परमाणु ऊर्जा संयंत्रों के लिए अगले पांच वर्ष तक भारत को यूरेनियम देने को तैयार हो गया है। कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर के साथ संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यूरेनियम भारत-कनाडा के बीच विश्वास का प्रतीक है और विश्वास ही सबसे बड़ी एनर्जी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत आने वाले कनाडा के नागरिकों के लिए उदार वीजा नीति लागू होगी। प्रधानमंत्री हार्पर और मैंने आर्थिक भागीदारी के नए ढांचे को बनाने की प्रतिबद्धता जताई है। भारत असैन्य परमाणु ऊर्जा संयंत्रों के लिए कनाडा से यूरेनियम खरीदेगा। 42 साल के बाद कोई भारतीय पीएम कनाडा आया है। कनाडा दौरे से मैं बेहत उत्साहित हूं। हमारे संबंध ऐतिहासिक और मजबूत हैं। दोनों देश बड़े लोकतांत्रिक देश हैं। भारत के विकास में कनाडा सहयोगी है। कौशल विकास में कनाडा के साथ 13 समझौते हुए हैं।
भारत कई क्षेत्रों में कनाडा का सहयोग चाहता है। अंतरिक्ष क्षेत्र में दोनों देश सहयोगी हैं। भारत और कनाडा विश्व की चुनौती से मिलकर लड़ेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि कनाडा के साथ बेहतर संबंध बनाएंगे। भारत सबसे तेजी के साथ बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था है। हम दुनिया को कुछ देना चाहते हैं। ओटावा पर हुए आतंकी हमले से कनाडा को हुई पीड़ा को हमने भारत में महसूस किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद मानवता का दुश्मन है। आतंकवाद की कोई सीमा नहीं होती। आतंकवाद के खिलाफ लडऩे के लिए हमें हमेशा तैयाररहना चाहिए। उधर, कनाडा के पीएम हार्पर ने कहा कि हम भारत के साथ आतंकवाद निरोधक सहयोग पर अपने संबंधों को और मजबूत करेंगे।
इससे पहले फ्रांस और जर्मनी की सफल यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कनाडा की पहली यात्रा पर बुधवार को पहुंचे और उनका यहां जोरदार स्वागत किया गया। श्री मोदी भारतीय समयानुसार तडक़े और स्थानीय समय के अनुसार शाम सवा छह बजे मैकडोनाल्ड कार्टियर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर पहुंचे, जहां कनाडा के रक्षा मंत्री जैसन कैनी, अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री एड फास्ट इत्यादि ने उनकी अगवानी की। श्री मोदी सुरक्षा घेरे से निकल वहां मौजूद अपने प्रशंसकों के बीच पहुंच गए और हाथ मिलाने के बाद उनके साथ फोटो खिंचवाए।