धूरी - संगरूर जिले की धूरी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ अकाली दल तथा कांग्रेस ने अपनी जीत का दावा किया है । इस सीट पर मतदान 11अप्रैल को हुआ और वोटों की गिनती कल होनी है । मतगणना के लिये सभी सुरक्षा प्रबंध पूरे कर लिये गये हैं । कुल 12 उम्मीदवार मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ अकाली दल के गोबिंद सिंह लोंगेावाल और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार सिमरप्रताप बरनाला और अकाली दल(अमृतसर) के सुरजीत सिंह कालाबूला के बीच है।
धूरी उपचुनाव सत्तारूढ़ अकाली दल के लिये प्रतिष्ठा का प्रश्न होने के कारण अंतिम क्षणों तक जीत के लिये हर संभव प्रयास किया। चुनाव प्रचार में उसके मंत्री तथा वरिष्ठ नेता धूरी में डेरा डाले रहे । इस सीट पर कब्जा करने के बाद अकाली दल के पास अपना पूर्ण बहुमत होगा । यह सीट कांग्रेस के अरविंद खन्ना के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई है ।
पिछले कई चुनावों में कांग्रेस की लोकप्रियता का ग्राफ गिरता गया जिससे उसके कार्यकर्ताओं में कोई उत्साह नहीं दिखा । नेताओं की गुटबाजी के कारण कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रचार से किनारा कर लिया था । चुनाव जीतना कांग्रेस के लिये इतना आसान नहीं । मुख्य चुनाव अधिकारी वी के सिंह ने बताया कि मतों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू हो जायेगी तथा परिणाम दोपहर तक आने की संभावना है । उपचुनाव में 72.4 प्रतिशत मतदान हुआ है ।